मुनिकीरेती में 10 दिवसीय हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी
लोग दिखा रहे हैं रूचि
तीर्थ चेतना न्यूज
मुनिकीरेती। भारतीय ग्रामोत्थान संस्था के बैनर तले 10 दिवसीय हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी शुरू हो गई। प्रदर्शनी को लेकर लोगों में उत्साह दिख रहा है।
मुनिकीरेती में रामझूला पुल के पास बहुगुणा पार्क में 21 नवंबर से शुरू हुई हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी 30 नवंबर तक चलेगी। प्रदर्शनी में 12 स्टॉल यूएचएसडीसी ने प्रायोजित किए हैं। लंबे समय बाद तीर्थनगरी में हो रहे इस प्रकार के आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है।
बुधवार को नगर पालिका के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने इसका औपचारिक उदघाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से हस्त शिल्प को बाजार उपलब्ध होता है। स्वरोजगार के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों को इससे मदद मिलती है।
भारतीय ग्रामोत्थान संस्था के अनिल चंदोला ने 10 दिनों तक चलने वाली प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर उद्योग विभाग के पूर्व अधिकारी एसएस नेगी, पूर्व समाज कल्याण अधिकारी एनके शर्मा, सभासद विनोद सकलानी आदि मौजूद थे।