कीर्तिनगर। ऋषिकेश-कर्णप्रयाल रेल लाइन निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा न आने पाए इसके लिए कार्य स्थल को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर धारा 144 लगा दी गई गई है।
उल्लेखनीय है कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के टिहरी जिले वाले हिस्से में पिछले दिनों आरवीएन के कर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। उपजिलाधिकारी आकांक्षा वर्मा ने इसका संज्ञान लेते हुए आरोपी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल एक्शन लिया था। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति न आने पाए इसके लिए पुलिस को निर्देशित किया था।
बहरहाल, रेल विकास निगम के आलाधिकारियों ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव से भी की थी। इसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण के कार्य स्थल को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर धारा 144 लगा दी गई है।
धारा 144 प्रोजेक्ट का कार्य संपन्न होने तक जारी रहेगी। कार्य स्थल को प्रतिबंधित कर धारा 144 लगाने के बाद अब रेल विकास निगम के अधिकारी/कर्मचारी या निगम द्वारा अनुमन्य व्यक्ति ही कार्य स्थल पर जा सकेंगे।
क्षेत्र में उपजिलाधिकारी और पुलिस ने व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित करना शुरू कर दिया है।