ऋषिकेश। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत राफ्ट पलटने से गंगा में जा गिरे। जल पुलिस और एसडीआरएफ ने तत्परता दिखाते हुए मंत्री को संभाला और फिर से राफ्ट में सवार कराया।
गुरूवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने शिवपुरी देवप्रयाग से महासागर तक शुरू हुए अभियान में शिवपुरी से राफ्ट में सवार हुए। इसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी शिरकत कर रहे थे।
दोनों मंत्री अलग-अलग राफ्ट में सवार थे। बताया जा रहा है कि उच्च शिक्षा मंत्री वाली राफ्ट एक रैपिड में रपट गई। इसमें शिक्षा मंत्री गंगा में जा गिरे। हालांकि उन्हें लाइफ जैकेट पहनी थी। बहरहाल, साथ चल रहे एसडीआरएफ और जल पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मंत्री को रेस्क्यू किया और राफ्ट में फिर से सवार कराया।
इसके बाद मंत्री ने गंगा की अठखेलियों को मुनिकीरेती तक खूब लुत्फ उठाया। इस संबंध में उच्च शिक्षा मंत्री डा. रावत से कई कोशिशों के बाद भी संपर्क नहीं हो सका। उनके स्टॉफ का कहना था कि मंत्री दिल्ली में बैठक में हैं। देर शाम ही बात हो सकेगी।