ऋषिकेश। सब खुश रहें/ संतुष्ट रहें की तर्ज पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जानकी सेतु का स्वर्गाश्रम और मुनिकीरेती छोर पर अलग-अलग लोकार्पण किया।
स्वीकृति के 14 साल बाद बनकर करीब 49 करोड़ की लागत से बना 346 मीटर स्पान के जानकी झूला पुल शुक्रवार को जनता को समर्पित कर दिया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और कृषि मंत्री एवं नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल समेत अन्य ने इसका लोकार्पण किया।
लोकार्पण पहले नरेंद्रनगर क्षेत्र वाले छोर और फिर स्वर्गाश्रम वाले छोर पर हुआ। दोनों स्थानों पर लगे शामियाने में बैठकर सीएम ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि साढ़े तीन साल में ढाई सौ से अधिक पुल अस्तित्व में आ चुके हैं।
उन्होंने क्षेत्र में बजरंग नाम से एक और पुल बनाने का ऐलान किया। बीन नदी पर पुल की दिशा में हो रही प्रगति के बारे में जानकारी दी। रोड कनेक्टिविटी में राज्य में हुए कार्यों के बारे में बताया। कहा कि 17 पुरस्कार राज्य को मिल चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्य पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से हो रहे हैं। भ्रष्टाचार मुक्त शासन की स्थापना प्राथमिकता थी और इसे धरातल पर उतार गया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों के साथ सख्ती से निपटने की जरूरत है। सरकार ने ऐसा करके भी दिखाया। उन्होंने एनएच-74 के मामलों का जिक्र किया।
उन्होंने रोजगार सृजन के मामले में सरकार के स्तर से किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही युवाओं का आहवान किया कि स्वरोजगार अपनाएं। सरकार हर स्तर पर मदद करेगी। इस दिशा में सरकार के स्तर से हो रहे कार्यों के बारे में भी उन्होंने बताया।
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने क्षेत्र में सीएम का स्वागत करते हुए मुनिकीरेती, तपोवन आदि क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को सीएम के सम्मुख रखा। साथ ही जानकी सेतु की 14 साल की यात्रा पर प्रकाश डाला।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की सराहना की। साथ ही पूर्व सीएम हरीश रावत पर पुल के लास्ट के कार्य को लटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रावत काम नहीं लटकाते तो जानकी सेतु चार साल पहले बनकर तैयार हो जाता।
यमकेश्वर की विधायक ऋतु खंडूड़ी ने जानकी सेतु को आकार देने और अंजाम तक पहुंचाने के लिए सीएम त्रिवेंद्र का आभार प्रकट किया। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश,मुनिकीरेती, तपोवन, स्वर्गाश्रम क्षेत्र में कुंभ के तहत कार्य करने पर जोर दिया।
नगर पालिका के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने क्षेत्र में मल्टी स्टोरी पार्किंग की मांग सीएम के सम्मुख रखी। संचालन भगवती काला ने किया। इस मौके पर मेयर अनिता ममगाईं, दर्जाधारी कृष्ण कुमार सिंघल, पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, मंडी समिति के अध्यक्ष विनोद कुकरेती, बचन पोखरियाल, पूर्व अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, शंभू पासवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश भटट, धूमन थलवाल, सचिव लोनिवि आरके सुधांशु, डीएम इवा आशीष, उषा रावत आदि मौजूद थे।