देहरादून। छात्रों में विज्ञान के प्रति रूचि जगाने की दिशा में काम करने की जरूरत है। इसके लिए वैज्ञानिक सोच विकसित करने वाली शिक्षा होनी चाहिए।
ये कहना है गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, मालदेवता, रायपुर की जंतु विज्ञान की एसोसिएट प्रोफेसर डा. मधु थपलियाल का। मौका था कॉलेज के जंतु विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता का।
उन्होंने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में देश ने खूब तरक्की की है। इसमें अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में छात्रों में विज्ञान के प्रति रूचि जगाने की जरूरत है। स्कूल स्तर पर इसके लिए प्रयास होने चाहिए। वैज्ञानिक सोच विकसित करने वाली शिक्षा इस काम का आसान कर सकती है।
गणित विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डा. श्रृति चौकियाल ने वैज्ञानिक सीवी रमन के जीवन पर प्रकाश डाला। बताया कि कैसे उन्होंने भौतिकी के क्षेत्र में भारत के ज्ञान विज्ञान का डंका बजाया। कॉलेज के प्रो. सतपाल सहानी ने छात्रों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व छात्र/छात्राओं ने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी विषय पर विचार रखे। बताया कि भारत और विश्व स्तर से विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। विज्ञान के हर क्षेत्र में महिला वैज्ञानिकों ने मेधा का लोहा मनवाया है।
भाषण प्रतियोगिता में पवित्रा ने प्रथम, कोमल ने द्वितीय, विशाखा और रेखा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम वर्ग में आकृति वैदिक ने प्रथम और ऋषभ सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।