पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में हुए कांटे के मुकाबले में भाजपा की चंद्रा पंत विजयी रही। उपचुनाव में मिली जीत से भाजपाइयों में खुशी है।
उल्लेखनीय है कि प्रकाश पंत के निधन के बाद रिक्त हुई पिथौरागढ़ विधानसभा सीट पर 25 नवंबर को उपचुनाव हुआ था। भाजपा ने स्व. पंत की पत्नी चंद्रा पंत को चुनाव मैदान में उतारा। जबकि कांग्रेस ने अंजू लुंठी पर दांव लगाया।
चुनाव प्रचार से लेकर मतदान के दिन तक भाजपा के लिए आसान समझे जा रहे इस चुनाव के परिणाम ने कुछ और कहानी बयां की। मुकाबला कांटे का रहा है भाजपा की चंद्रा पंत किसी तरह से जीत सकी। हालांकि मतगणना के पहले चक्र में ही भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बना ली थी।
हर चक्र की मतगणना में कांटे का मुकाबला दिखा। अंत में भाजपा प्रत्याशी चंद्र पंत करीब साढ़े तीन हजार मतों से चुनाव जीतने में सफल रही। सपा प्रत्याशी मनोज भटट को नोटा से भी कम मत मिले।